आज की ताजा खबर

17 हजार फीट की ऊंचाई पर हौसलों की उड़ान

top-news

जलालाबाद-शाहजहांपुर।वरिष्ठ पत्रकार संतोष उपाध्याय ने अपने साथियों के साथ 3762 किलोमीटर लंबी लेह-लद्दाख बाइक यात्रा सफलतापूर्वक पूरी कर एक मिसाल पेश की है। दस दिनों तक चले इस रोमांचक सफर में उन्होंने बर्फ से ढके दुर्गम पहाड़ों, खतरनाक दर्रों और ऑक्सीजन की कमी जैसी कठिन परिस्थितियों का सामना किया। संतोष उपाध्याय ने बताया कि वर्षों से लेह-लद्दाख जाने का सपना था, जो इस बार पूरा हुआ। यात्रा का सबसे चुनौतीपूर्ण पड़ाव तांगलांग ला पास रहा, जो समुद्र तल से करीब 17,480 फीट की ऊंचाई पर स्थित है। यहां ऑक्सीजन की कमी और कड़ाके की ठंड के बीच सांस लेना भी मुश्किल हो रहा था, लेकिन मजबूत इच्छाशक्ति ने उन्हें आगे बढ़ने का हौसला दिया। सफर के दौरान बारालाचला पास क्षेत्र में बर्फबारी और घने कोहरे ने भी कई बार राह रोकी, फिर भी पूरी टीम मंजिल की ओर बढ़ती रही। इस यात्रा में उनकी हीरो एक्सपल्स 200 सीसी बाइक, जिसे उन्होंने प्यार से ‘राधा’ नाम दिया है, हर मुश्किल रास्ते पर उनका साथ निभाती रही। यात्रा के दौरान दीपक ताल, सूरज ताल, मोरे मैदान, सिंधु नदी, खारदुंग ला, नुब्रा वैली, तुर्तुक और थांग जैसे मनमोहक स्थलों का भ्रमण किया गया। संतोष उपाध्याय ने बताया कि लेह शहर का पहला बोर्ड दिखाई देने का क्षण उनके जीवन के सबसे भावुक पलों में से एक था। उन्होंने कहा कि इस यात्रा ने उन्हें सिखाया कि कठिन परिस्थितियों में आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प ही सबसे बड़ी ताकत होते हैं। उनका मानना है कि जीवन की सबसे खूबसूरत मंजिलें अक्सर सबसे कठिन रास्तों के बाद ही मिलती हैं। यात्रा से लौटने के बाद उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा, “पहाड़ को जीतने नहीं जाते, उससे सीखने जाते हैं। हौसले बुलंद हों तो हर दर्रा छोटा पड़ जाता है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *