आज की ताजा खबर

कानपुर में वाहन चोरी गैंग का भंडाफोड़, दो शातिर चोर गिरफ्तार, कटे हुए बाइक पार्ट्स बरामद

top-news

कानपुर। फजलगंज थाना पुलिस और स्वाट टीम सेंट्रल की संयुक्त कार्रवाई में वाहन चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक चोरी की मोटरसाइकिल, कटे हुए बाइक पार्ट्स और नंबर प्लेट बरामद की है। मामले में चोरी के वाहनों के पार्ट्स खरीदने वाले एक कबाड़ी के यहां भी छापेमारी की गई।

पुलिस के अनुसार बीते दिनों चोरी हुई मोटरसाइकिल की जांच के दौरान फजलगंज थाना पुलिस और स्वाट टीम सेंट्रल ने संयुक्त अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान सोहेल खान निवासी बजरिया और अनमोल सैनी निवासी रोशन नगर को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी चोरी की मोटरसाइकिलों को काटकर उनके पार्ट्स अलग-अलग बेच देते थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर बारह सिरोही स्थित रामजी कबाड़ी की दुकान पर छापा मारा, जहां से चोरी की मोटरसाइकिलों के कई कटे हुए पार्ट्स बरामद किए गए।

पुलिस ने आरोपियों के पास से एक मोटरसाइकिल, कटे हुए बाइक पार्ट्स और कटी हुई नंबर प्लेट भी बरामद की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास और वाहन चोरी के अन्य मामलों में उनकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *