आज की ताजा खबर

संदिग्ध हालात में युवक की मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

top-news

दियोरिया(पीलीभीत)। कोतवाली क्षेत्र के गांव रामनगर जगतपुर में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक के भाई ने गांव के दो लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है, हालांकि पुलिस को अभी तक कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है।

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी नत्थू लाल मौर्य (38) पुत्र मेवाराम गुरुवार शाम अपने मित्र राकेश गुप्ता को भोजन के लिए बुलाने उसके घर गए थे। बताया जाता है कि राकेश की पत्नी मायके गई हुई थी और वह घर पर अकेले थे। परिजनों के मुताबिक नत्थू लाल देर रात करीब दो बजे घायल अवस्था में घर लौटे।
शुक्रवार सुबह परिजन उन्हें उपचार के लिए बरखेड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भाई कृष्णपाल ने गांव के दो लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है, लेकिन अभी तक इस संबंध में कोई तहरीर नहीं दी गई है।
थानाध्यक्ष गौतम सिंह ने बताया कि युवक की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *